एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज क्षेत्रीय स्तर प्रतियोगिता रायपुर में आयोजित:आईआईएम रहा विजेता
रायपुर 12 Sep, (Swarnim Savera) /- एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 का रायपुर क्षेत्रीय दौर 12 सितंबर 2026 को रायपुर में
आयोजित किया गया। इंजीनियरिंग एवं मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस
प्रतियोगिता में लगभग 110 टीमों ने भाग लिया और अपने ज्ञान एवं क्विजिंग कौशल का
प्रदर्शन किया। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘एनीथिंग एंड एवरीथिंग फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ
बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ है।
रायपुर क्षेत्रीय स्तर प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में शीर्ष छह टीमों के बीच मुकाबला हुआ।
आईआईएम रायपुर के अभिषेक मिश्रा एवं वरद नागेश जौरकर की टीम ने 60,000 रुपये का
नकद पुरस्कार के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। आईआईएम रायपुर के प्रतीक अहीर एवं
सुश्रुत अग्रवाल की टीम ने 40,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त
किया। एसएसआईपीएमटी रायपुर के साहिल कुमार एवं ऋषभ कुमार अग्रवाल की टीम ने
20,000 रुपये की राशि के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
आईआईआईटी नवा रायपुर की अदिति जोशी एवं मुबश्शिर अहमद, एनआईटी रायपुर के हर्ष
मटलानी एवं दिव्य प्रताप सिंह सिसोदिया तथा एनआईटी रायपुर के आयुष कुमार शर्मा एवं
अयनांश शुक्ला की टीमों ने क्रमशः चौथा, पांचवां और छठा स्थान प्राप्त किया तथा प्रत्येक
टीम को 8,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर श्री प्रवीण गर्ग, महाप्रबंधक (एचआर), एनटीपीसी नवा रायपुर ने कहा कि
एनटीपीसी की स्थापित क्षमता में निरंतर वृद्धि और देश के विद्युत क्षेत्र में इसकी मजबूत
उपस्थिति के साथ इलेक्ट्रॉन क्विज का भी हर वर्ष विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस
प्रकार एनटीपीसी ऊर्जा के माध्यम से देश को शक्ति प्रदान कर रही है, उसी प्रकार इलेक्ट्रॉन
क्विज युवा प्रतिभाओं के ज्ञान और क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि
यह प्रतियोगिता युवा प्रतिभागियों को अपनी क्विजिंग प्रतिभा प्रदर्शित करने का आदर्श मंच
प्रदान करती है और यह देश को ऊर्जा प्रदान करने के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं को सशक्त
बनाने के एनटीपीसी के प्रयासों के अनुरूप है।
क्विज प्रतियोगिता की शुरुआत ऑन-स्पॉट लिखित राउंड से हुई, जिसके बाद ऑडियो-
विजुअल/बजर राउंड आयोजित किया गया। इसका संचालन ग्रेसेल के प्रसिद्ध क्विज मास्टर
गौतम बोस ने किया। क्षेत्रीय दौर की शीर्ष दो टीमें अब राष्ट्रीय सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले
के लिए 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को क्रमशः एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI),
नोएडा में भाग लेंगी।
इस अवसर पर एनटीपीसी के अधिकारियों के साथ-साथ राज्यभर के विभिन्न इंजीनियरिंग
एवं मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

