श्री गणेश जी को प्रथम आमंत्रण के बाद माँ के दरबार पहुँची लालमैदान दुर्गोत्सव समिति

मां बम्लेश्वरी, छोटी माँ बम्लेश्वरी एवं माँ पाताल भैरवी के श्रीचरणों में अर्पित किया शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रणभिलाई/डोंगरगढ़/राजनांदगांव। लालमैदान, पावर हाउस, भिलाई के पवित्र प्रांगण में आयोजित होने जा रहे शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 को लेकर लालमैदान दुर्गोत्सव समिति द्वारा धार्मिक एवं सनातन परंपराओं के अनुरूप आमंत्रण का क्रम निरंतर जारी है। विगत दिनों समिति के प्रतिनिधिमंडल ने किसी भी शुभ कार्य से पूर्व प्रथम पूजनीय विघ्नहर्ता श्री गणेश जी को शारदीय नवरात्र उत्सव का प्रथम आमंत्रण अर्पित कर आयोजन की निर्विघ्न सफलता के लिए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया था।इसी पावन क्रम को आगे बढ़ाते हुए लालमैदान दुर्गोत्सव समिति, भिलाई का प्रतिनिधिमंडल डोंगरगढ़ की ऊँची पहाड़ियों पर स्थित माँ के पावन दरबार पहुँचा, जहाँ जगतजननी माँ आदिशक्ति माँ बम्लेश्वरी के रूप में विराजमान हैं। समिति के सेवादारों ने पूर्ण श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ माँ के दर्शन-पूजन किए तथा उनके श्रीचरणों में आगामी शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित कर माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।समिति ने बताया कि प्रतिवर्ष लालमैदान में शारदीय नवरात्र के अवसर पर माँ जगदम्बा का भव्य दरबार सजाया जाता है और माँ को पूरे श्रद्धाभाव से आमंत्रित किया जाता है। माँ की कृपा और आशीर्वाद से ही यह आयोजन वर्षों से सफलतापूर्वक संपन्न होता आ रहा है। इसी भाव से इस वर्ष समिति के सेवादारों के मन में विचार आया कि क्यों न माँ को केवल भाव से आमंत्रित करने के साथ-साथ उनके जागृत धाम पहुँचकर स्वयं उनके श्रीचरणों में आमंत्रण अर्पित किया जाए।इसी उद्देश्य से समिति के प्रतिनिधिमंडल ने माँ बम्लेश्वरी से प्रार्थना की कि माँ इस शारदीय नवरात्र लालमैदान पधारें और अपने सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं सेवादारों को अपना भरपूर आशीर्वाद एवं दुलार प्रदान कर पूरे आयोजन को निर्विघ्न, भव्य एवं सफल बनाएँ।माँ बम्लेश्वरी के दर्शन एवं आमंत्रण के पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने डोंगरगढ़ में ही नीचे विराजमान छोटी माँ बम्लेश्वरी के दरबार पहुँचकर उनके श्रीचरणों में भी शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 का आमंत्रण अर्पित किया। समिति के सेवादारों ने माँ के दर्शन-पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और लालमैदान में आयोजित होने वाले माँ के भव्य उत्सव की सफलता एवं सभी के कल्याण की प्रार्थना की।इसके पश्चात समिति का प्रतिनिधिमंडल राजनांदगांव स्थित माँ पाताल भैरवी मंदिर पहुँचा। यहाँ भी माँ पाताल भैरवी के श्रीचरणों में लालमैदान के शारदीय नवरात्र उत्सव का आमंत्रण अर्पित किया गया। सभी सेवादारों ने श्रद्धापूर्वक माँ के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा माँ से लालमैदान पधारने और अपने सभी भक्तों एवं श्रद्धालुओं पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।इस पूरी धार्मिक यात्रा के माध्यम से लालमैदान दुर्गोत्सव समिति ने माँ आदिशक्ति के समस्त स्वरूपों तथा सभी शक्तिपीठों में विराजमान मातृशक्तियों को लालमैदान में आयोजित होने वाले शारदीय नवरात्र उत्सव 2026 के लिए श्रद्धापूर्वक आमंत्रित किया। साथ ही प्रार्थना की गई कि माँ का आशीर्वाद इस पवित्र आयोजन के साथ समस्त भिलाईवासियों एवं देशवासियों पर बना रहे, सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो तथा माँ सभी का कल्याण करें।समिति के सेवादारों ने कहा कि प्रथम पूजनीय श्री गणेश जी के आशीर्वाद के पश्चात माँ आदिशक्ति के विभिन्न स्वरूपों के जागृत धामों में पहुँचकर उनके श्रीचरणों में आमंत्रण अर्पित करना इस वर्ष के आयोजन की धार्मिक यात्रा का अत्यंत भावपूर्ण क्षण रहा। माँ की प्रेरणा और कृपा से प्रारंभ हुई इस नई परंपरा को आने वाले वर्षों में भी इसी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।इन्हीं मंगलकामनाओं के साथ लालमैदान दुर्गोत्सव समिति ने सभी श्रद्धालुओं, समस्त भिलाईवासियों सहित पूरे देशवासियों के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।🚩 बोल सच्चे दरबार की जय! 🚩🌺 जय माता दी! 🌺🔱🙏

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed