चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के भारत गौरव कार्यक्रम में ‘तिथि दर्पण’ पुस्तक का विमोचन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत का कवच है : रामलाल जी
नई दिल्ली ,17 नवंबर (आरएनएस)। चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह के 10 वर्ष पूर्ण होने पर ‘भारत गौरव उत्सव2026’ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शताब्दी वर्ष की थीम पर आयोजित पहले दिन का विमोचन कार्यक्रम पश्चिमी बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि के आतिथ्य एवं संघ के पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैय्या जोशी जी की अध्यक्षता में सिविल सर्विसेज ऑफिसर्स इंस्टिट्यूट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली में सम्पन्न हुआ। संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला के अंतर्गत प्रकाशित एवं विजय कुमार द्वारा संकलित पुस्तक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तिथि दर्पण’ का विमोचन मुख्य अतिथि राज्यपाल आर एन रवि के करकमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ नेता सुरेश भैय्या जोशी जी ने की। जबकि विहिप संरक्षक दिनेश चंद्र का सानिध्य रहा। मुख्य अतिथि राज्यपाल आर एन रवि ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष में प्रमाणित तिथियों का संकलन करके पुस्तक लिखी यह आगे की पीढ़ियों के लिए सहायक साबित होगी। विकट परिस्थितियों में संघ की स्थापना हुई। वह साधारण परिस्थिति नही थी। भारत को आंतरिक व राष्ट स्तर पर कमजोर करने की शक्ति काम कर रही थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उस स्थिति में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ परिवार बना और राष्ट्र की सेवा करते हुए आज 100 साल का हो गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भारत का कवच है। सुरक्षित कवच है। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने अपने विचार रखे। मुख्य वक्ता रामलाल जी ने कहा कि संघ में इतिहास को देखने की अलग दृष्टि है। विजय दशमी केवल एक पर्व नही। उसके पीछे विजय का संकल्प है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत माता व भगवा के बीच संघ है। संघ किसी राजनीतिक दल से, उद्योगपति से नही समाज से चलता है। इसलिए वह आज 100 साल का हुआ है। उन्होंने कहा कि दुनिया में शांति के लिए भारत का बड़ा होना बहुत जरूरी है।
सुरेश भैय्या जोशी जी ने कहा कि पुस्तक लिखना कठिन कार्य होता है। संघ के कारण ही आज समाज में बहुत बड़ा परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि कोई कितनी भी कोशिश करले भारत को समाप्त नहीं कर सकता। क्योंकि भारत की आंतरिक शक्ति बहुत मजबूत है। भारत की प्रासंगिकता विश्व में सदैव बनी रहेगी। इस बात आंतरिक शक्ति का नाम है स्वयं सेवक संघ।
धन्यवाद ज्ञापन चाणक्य वार्ता के अंतरराष्ट्रीय सलाहकार कैलाश कंदोई ने पेश करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया तो कार्यक्रम के प्रारंभ में आयोजक अंतरराष्ट्रीय हिंदी पाक्षिक पत्रिका ‘चाणक्य वार्ता’ के संपादक डॉ अमित जैन ने सभी का अभिनंदन किया एवं परिचय कराया। इस अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सौ वर्षों की यात्रा, उसके विचारों, सामाजिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। पुस्तक के माध्यम से संघ की ऐतिहासिक यात्रा, महत्वपूर्ण घटनाओं एवं तिथियों को संकलित करने के प्रयास की भी सराहना की गई।कार्यक्रम चाणक्य वार्ता प्रकाशन समूह की एक दशक की यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव रहा। वर्ष 2016 से 2025 तक की प्रकाशन एवं वैचारिक यात्रा को याद करते हुए समूह की ओर से भविष्य में भी राष्ट्र, समाज, संस्कृति और विचार आधारित साहित्य के प्रकाशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सर्व श्री आर पी तोमर, कार्यकारी संपादक, चाणक्य वार्ता, महेंद्र शर्मा, योगेश कुमार, रणवीर भंडारी, अनिल जैन, विशाल शर्मा, अमित गुप्ता, डॉ भरत कुमार, राजेश कुमार एवं मनीष वशिष्ठ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। दूसरे दिन का कार्यक्रम स्पीकर हाल, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में रखा गया है। जिसमें राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, कैबिनेट राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह, संघ नेता नरेंद्र सिंह और पूर्व कुलपति डॉ. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री सम्मान बढ़ाएंगे।

