Bihar Lok Sabha Election : गया और औरंगाबाद पर मतदान की गति कम, जमुई में तेज; नवादा में जवान की राइफल चोरी

पटना/- बिहार की चार लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। कुल 38 प्रत्याशियों में एक मौजूदा लोकसभा सांसद, एक राज्यसभा सदस्य, एक पूर्व मुख्यमंत्री, एक पूर्व मंत्री, एक पूर्व विधायक भी हैं।

उद्योगपति व भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ने डाला वोट
औरंगाबाद के जाने माने उद्योगपति व भाजपा की बिहार प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गोपाल शरण सिंह ने शुक्रवार को वोट डाला। उन्होंने शहर के आदर्श मतदान केंद्र बूथ संख्या 183 पर अपना वोट डाला। 

औरंगाबाद के नेहुटा बूथ पर मात्र तीन वोटरो ने ही डाले वोट
औरंगाबाद लोकसभा क्षेत्र में औरगाबाद विधानसभा के नेहुटा गांव स्थित बूथ संख्या 97 पर मात्र तीन वोट ही कास्ट हो पाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विकास से यह गांव कोसो दूर है और मूलभूत सुविधाओं से भी यह वंचित हैं। यहां के वोटरों की कुल संख्या की बात करे तो 944 वोटर हैं जिनमे पुरुष 524 जबकि महिला वोटर 420 की संख्या में मौजूद हैं। इस बारे में जब मतदान अधिकारी से बात की गई तो तब उन्होंने कहा कि वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गयी है।

जवान की एसएलआर राइफल चोरी हो गई
बिहार के नवादा में लोकसभा चुनाव से पहले चरण की वोटिंग के बीच पोलिंग बूथ पर तैनात जवान की एसएलआर राइफल चोरी हो गई। मामला पकरीबरावां थाना इलाके के मतदान केंद्र संख्या 234 का है। वरीय पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस जवान की लापरवाही के कारण राइफल चोरी हो गई। लापरवाही करने के कारद पुलिस जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। 

अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र में मतदाताओं में काफी उत्साह
जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र बड़ाबांध बूथ संख्या 263 पर मतदान करने आए मतदाताओं में काफी उत्साह है। युवा वोटर तेज धूप में भी मतदान करने पहुंचे हैं। 

औरंगाबाद में सुबह 11 बजे तक महज छह प्रतिशत मतदान
पहले चरण की चार लोकसभा सीटों पर नौ बजे तक वोटिंग प्रतिशत जारी कर दिया गया है। सुरक्षित सीटों पर मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा। वहीं सामान्य सीट औरंगाबाद में महज 15.04 प्रतिशत ही मतदान हुआ। औरंगाबाद के नेहट इलाके के एक बूथ पर पिछले चार घंटे में तीन वोट ही पड़े हैं। यहां वोट का बहिष्कार किया गया है। यहां 933 मतदाता हैं। वहीं नवादा में 17.66 प्रतिशत मतदान हुआ है। इधर, गया सुरक्षित सीट पर 14.5 प्रतिशत और जमुई सुरक्षित सीट पर 22.42 प्रतिशत पर मतदान हुआ।  

जमुई में मतदान करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री
जमुई जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय सलैया में बूथ नंबर 174 पर वोट डालने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश यादव, पूर्व मंत्री विजय प्रकाश सहित उनके सपरिवार काफी उत्साहित दिखे। उन्होंने लोगों से मतदान करने की अपील की। 

औरंगाबाद के डीएम-एसपी ने किया वोट

औरंगाबाद के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं पुलिस अधीक्षक स्वपना गौतम मेश्राम ने शुक्रवार को शहर में जिला परिषद कार्यालय परिसर स्थित आदर्श मतदान केंद्र संख्या 183 पर मतदान किया। मतदान के बाद डीएम ने घरों से निकलकर शत प्रतिशत मतदान करने की अपील की। कहा कि औरंगाबाद का मतदान प्रतिशत कम रहा है। इस कारण लोग अधिक से अधिक मतदान करें। ताकि मतदान का प्रतिशत बढ़े। इसके लिए उन्होंने युवा वोटरों से आगे आने की अपील की। वह एसपी ने कहा कि सभी बूथों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध है। लोग लोकतंत्र के पर्व में बढ़ चढ़कर भागीदारी निभा रहे है।

मंत्री सुमित सिंह ने किया मतदान
बिहार सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह ने अपने निवास स्थान जमुई जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत पकरी गांव में बूथ संख्या 258 पर अपना मतदान किए। साथ ही जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग घर से निकले और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भूमिका निभाएं। क्योंकि, मत प्रतिशत जितना पड़ेगा उतना हमारा लोकतंत्र मजबूत होगा।

औरंगाबाद के निवर्तमान सांसद व भाजपा प्रत्याशी ने डाला वोट
औरंगाबाद के निवर्तमान सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह ने शुक्रवार को शहर में जिला परिषद कार्यालय परिसर स्थित आदर्श मतदान केंद्र संख्या 183 पर मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट किया है। साथ ही उन्होंने अपने विरोधी राजद प्रत्याशी अभय कुशवाहा पर तंज कसा। कहा कि वह ऐसे प्रत्याशी हैं जो अपने लिए अपना वोट भी नहीं दे सकते। वह गया लोकसभा के निवासी हैं और उन्हें गया के प्रत्याशी के लिए वोट करना है जबकि मैं ही नहीं बल्कि मेरा परिवार यहां के ही निवासी हैं। हम सब लोकतंत्र की मजबूती के लिए वोट कर रहे हैं।

मतदान के प्रति हर तरफ दिखा उत्साह
गया में लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं ने देश में अपने मनचाहा सरकार बनाने को लेकर खासा उत्साह दिखाया। शुक्रवार की अहले सुबह से ही महिला मतदाता अपना चूल्हा-चौका छोड़कर अपने-अपने मतदान केंद्रों तक पहुंच गई। लोकसभा चुनाव के इस महापर्व पर अधिक अधिक लोगों ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। गया लोकसभा के अधिकतर मतदान केंद्रों पर महिला मतदाताओं की लंबी कतार दिखी। बौद्ध भिक्षु को मतदान के बाद काफी उत्साहित दिखे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *