लोकतंत्र के महापर्व की खूबसूरत तस्वीरें: मंडप से सीधे मतदान करने पहुंची दुल्हन, फिर गई ससुराल, दिया ये संदेश

बहेड़ी (बरेली) /- लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पीलीभीत-बहेड़ी में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। मतदाताओं में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। लोकतंत्र के महापर्व की कुछ खूबसूरत तस्वीरें भी सामने आई हैं, जो लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करती हैं। बहेड़ी में शादी के बाद दुल्हन मंडप से सीधे मतदान करने पहुंची। उसने ससुराल जाने से पहले मतदान किया। मतदान के बाद दुल्हन ने लोगों से मतदान करने की अपील की। 

बहेड़ी के गांव बंजरिया में बृहस्पतिवार रात सपना की बरात आई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह दुल्हन बनी सपना मंडप से सीधे बूथ संख्या 23 कंपोजिट विद्यालय बंजरिया पहुंची। उसने मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में आहुति दी। मतदान केंद्र पर दुल्हन को देखकर हर कोई हैरान रह या। दुल्हन के पिता राजवीर सिंह ने बताया कि विदाई के बाद सपना ने मतदान करने की इच्छी जताई। इस पर उन्होंने दूल्हा पक्ष से बात की। वे भी तैयार हो गए। ससुराल जाने से पहले सपना ने मतदान किया। इसके बाद विदा होकर शेरगढ़ के गांव पहाड़पुर में अपनी ससुराल चली गई। 

पीलीभीत में बुजुर्ग, युवा व महिलाएं सभी वर्ग के मतदाता लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाने के लिए सुबह सुबह ही मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। पोलिंग बूथों पर लंबी-लंबी कतार लग गईं। 

कोई अपने परिवार के साथ मतदान करने पहुंचा तो कोई दोस्तों के साथ। मतदान को लेकर बुजुर्ग मतदाताओं का हौसला जवान दिखा। दिव्यांग मतदाताओं ने भी अपनी जिम्मेदारी निभाई।

पीलीभीत में 80 वर्षीय कृष्ण अवतार कंसल अपनी पत्नी को लेकर ड्रमंड इंटर कॉलेज बूथ पर मतदान करने पहुंचे। उनकी पत्नी चलने में असमर्थ हैं। इसीलिए वह उन्हें स्कूटी पर बैठाकर मतदान केंद्र पहुंचे।  उन्होंने कहा कि सभी को देश हित में मतदान करना चाहिए।

पीलीभीत के मतदान केंद्र पकड़िया नौगंवा पर बुजुर्ग रामप्रसाद अपनी दिव्यांग पत्नी के साथ मतदान करने पहुंचे। इसी तरह एक दिव्यांग मतदाता ट्राई साइकिल से मतदान करने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पहुंचा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *