ग्वालियर में 1,900 किलोग्राम नशीले पदार्थों की तस्करी के केस में भाजपा पदाधिकारी गिरफ्तार, पार्टी ने पद से हटाया


ग्वालियर 5 फरवरी (Swarnim Savera)
,,, मध्य प्रदेश पुलिस ने पिछले साल ग्वालियर में 1,900 किलोग्राम मादक पदार्थ की जब्ती से जुड़े मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रतलाम जिले के एक पदाधिकारी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। शुक्रवार को विवेक पोरवाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा की रतलाम जिला इकाई ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा कि पार्टी ने ग्वालियर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में पोरवाल की कथित संलिप्तता के कारण उन्हें पार्टी के जिला सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक पद से हटा दिया है।

यह है मामला

ग्वालियर के पुलिस उपमंडल अधिकारी संतोष कुमार पटेल ने बताया कि पुलिस ने पिछले साल सितंबर में ग्वालियर के घाटीगांव इलाके में एक ट्रक से 1,900 किलोग्राम ‘डोडा चूरा’ (अफीम की भूसी) जब्त किया था और वाहन के दो चालकों को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया था। उन्होंने कहा कि ट्रक चालकों से पूछताछ के दौरान पता चला कि प्रतिबंधित पदार्थ दीमापुर (नगालैंड) से लाया जा रहा था। पटेल के मुताबिक, ट्रक चालकों ने पुलिस को यह भी बताया था कि रतलाम के जावरा जिले के रहने वाले पोरवाल ने उन्हें दीमापुर का हवाई टिकट दिया था और वे ट्रक को रतलाम ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते में उसे जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि जांच के बाद पुलिस ने पोरवाल को शुक्रवार को जावरा से गिरफ्तार कर लिया। पटेल के अनुसार, पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए पोरवाल से पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed