पंडरिया के वनांचल में 5.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की मिली सौगात

4.65 करोड़ रुपये के महाविद्यालय भवन और 60 लाख रुपये के महतारी सदनों का भूमिपूजन, 71.12 लाख रुपये से निर्मित तहसील भवन का लोकार्पण*

*वनांचल का विकास और हर गांव तक बेहतर शिक्षा हमारी प्राथमिकता– मंत्री श्री टंकराम वर्मा*

*शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और जनसुविधाओं से क्षेत्र को मिलेगी नई दिशा– विधायक श्रीमती भावना बोहरा*

*कुई कुकदूर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ*

*मंत्री ने पंडरिया और पांडातराई में ढाई-ढाई करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण तथा कापादाह में नवीन महाविद्यालय खोलने की घोषणा की*

कवर्धा । वनांचल में शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कुई-कुकदूर क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। नवरात्रि के पावन अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा और पंडरिया विधायक श्रीमती भावना ने 5 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान कुई कुकदूर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा का शुभारंभ भी किया। इस दौरान हितग्राहियों को ऋण पुस्तिका एवं आबादी पट्टों का वितरण भी किया गया।

कैबिनेट मंत्री श्री वर्मा ने पंडरिया और पांडातराई में ढाई-ढाई करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम निर्माण तथा कापादाह में नवीन महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इन सौगातों से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे और सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा की पहल से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है। इन प्रयासों से वनांचल के विद्यार्थियों को शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने के लिए कार्य कर रही है। महतारी वंदन योजना, धान खरीदी, भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक लगभग साढ़े सात लाख और पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में 17 हजार लोगों को स्वामित्व कार्ड दिए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 10 लाख लोगों को स्वामित्व कार्ड प्रदान करना है। गांवों में सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल, अस्पताल और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र से उन्हें विशेष लगाव है। स्कूल और महाविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की आधारशिला हैं। इसलिए शैक्षणिक संस्थानों में बाउंड्रीवॉल, शौचालय, बिजली, पेयजल और अतिरिक्त कक्ष जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। वनांचल के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे क्षेत्र की विकास संबंधी मांगों को लगातार शासन के समक्ष रखती हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प के अनुरूप प्रदेश सरकार भी छत्तीसगढ़ को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लिए कार्य कर रही है।

पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार की महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और धान खरीदी जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना के माध्यम से वनांचल के दूरस्थ गांवों में पक्के मकान, सड़क, बिजली, शिक्षा और आंगनबाड़ी जैसी बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। इससे वनांचल के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं और क्षेत्र विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

विधायक श्रीमती बोहरा ने कहा कि तहसील कार्यालय के उद्घाटन से किसानों और आम नागरिकों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे तहसीलदार और राजस्व विभाग से जुड़े कार्यों के लिए लोगों को सहूलियत होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन तिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि अप्रैल-मई में इसी क्षेत्र मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का इस क्षेत्र में आगमन हुआ था, जिसे लेकर लोगों में काफी उत्साह था। उन्होंने कहा कि वनांचल की संस्कृति, परंपराएं और पहचान हमारी महत्वपूर्ण धरोहर हैं। इन्हें सहेजते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर काम करना जरूरी है। प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और वनांचल में विकास कार्य निरंतर आगे बढ़ें, यही हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए।

कार्यक्रम में श्री राजेंद्र चंद्रवंशी जी, श्री घनश्याम जायसवाल जी, श्री राजकुमार नेताम, अध्यक्ष जनपद पंचायत पंडरिया श्रीमती नंदिनी साहू, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पंडरिया श्री धनकीशोर तिवारी, अध्यक्ष नगर पालिका पंडरिया श्रीमती मंजुला देवी कुशरे, उपाध्यक्ष नगर पालिका पंडरिया श्रीमती सुमिता तिवारी, अध्यक्ष नगर पंचायत पांडातराई श्रीमती सरिता सोनी, उपाध्यक्ष नगर पंचायत पांडातराई श्री मनोज ठाकुर, अध्यक्ष नगर पंचायत इंदौरी श्रीमती मीनन बाई मंडले, उपाध्यक्ष नगर पंचायत इंदौरी श्री सीताराम साहू, जिला पंचायत सदस्य श्री रोशन दुबे, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। 

*5.96 करोड़ रुपये के विकास कार्यों से संवरेगा वनांचल, तहसील भवन का हुआ लोकार्पण*

वनांचल क्षेत्र में विकास को नई गति देते हुए कुकदूर में 71 लाख 12 हजार रुपये की लागत से निर्मित तहसील कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। वहीं, विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कुई-कुकदूर में 4 करोड़ 65 लाख 84 हजार रुपये की लागत से नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन तथा महिलाओं को सामुदायिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कुई और कुकदूर में 30-30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदनों का भूमिपूजन किया गया। इन विकास कार्यों से वनांचल क्षेत्र में शिक्षा, प्रशासनिक सेवाओं और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए सुविधाओं के नए अवसर सृजित होंगे।

*छात्राओं को निःशुल्क बस सेवा की सुविधा*

कुई कुकदूर महाविद्यालय की छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू होने से उन्हें महाविद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी। विशेषकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं के लिए यह पहल उपयोगी होगी। इससे उनकी आवागमन संबंधी कठिनाइयां कम करने और उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed