जगदलपुर पहुंचे पीएम मोदी, बस्तर से करेंगे चुनावी शंखनाद, आमाबाल में जनसभा

छत्तीसगढ़ /- लोकसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ की बस्तर संभाग की दो सीटों पर कब्जा करने के लिए बीजेपी ने अहम चुनावी रणनीति बनाई है।इसी रणनीति के तहत पीएम नरेंद्र मोदी आज 8 अप्रैल को बस्तर के भानपुरी के छोटे आमाबाल में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसी सभा से वो छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बस्तर जिले के अमाबाल में आयोजित विजय संकल्प शंखनाद रैली में शामिल होने के लिए विशेष विमान से जगदलपुर पहुँच गए हैं। वे अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से जगदलपुर पहुंचे हैं। जगदलपुर एयरपोर्ट से ही वे विशेष हेलीकॉप्टर के जरिये अमाबाल स्थित सभा स्थल के लिए रवाना हो गए हैं और कुछ ही देर में वे सभा को संबोधित करेंगें। पीएम के दौरे को देखते हुए पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक जवानों की तैनाती की गई है।आजादी के बाद हुए आम चुनाव से बस्तर सीट अस्तित्व में आई। इस सीट पर अब तक बीजेपी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार पांच-पांच बार जीत चुके हैं। इस सीट पर जनता पार्टी भी एक बार जीत चुकी है। छत्तीसगढ़ राज्य बनने के बाद चार में से तीन लोकसभा चुनाव बीजेपी जीती है। 

बने तीन विशालकाय डोम

करीब 1.50 लाख वर्ग फीट के क्षेत्रफल में लगाए गए विशालकाय तीन डोम में लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। हर पंडाल की चौड़ाई 100 फीट और लंबाई 500 फीट है। बताया जाता है कि लोगों के बैठने के लिए करीब तीन हजार से ज्यादा कुर्सियां लगाई गई हैं। वहीं पार्टी ने करीब एक लाख लोगों को सभा स्थल तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। जिसे अमलीजामा पहनाने में पार्टी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। 

चाक-चौबंद व्यवस्था

छोटे आमाबाल में रविवार से ही पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को तैनात कर दिया गया है। सभा स्थल से कुछ ही दूरी पर हेलीपेड बनाया गया है, जहां पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। उन्हें सभा स्थल तक पहुंचाने के लिए करीब चार घंटे पहले से ही गाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी गई है। सोनारपाल से देवड़ा और चमिया होकर छोटे आमाबाल तक जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। 

बस्तर संभाग की सीटों पर भाजपा का फोकस

बस्तर संभाग के आदिवासियों तक उनका संदेश पहुंच सके, इसलिए यहां पर चुनावी सभा कराई जा रही है ताकि बीजेपी को बस्तर संभाग की दो सीटों पर विजयश्री मिलने में सफलता मिल सके। विधानसभा चुनाव 2023 में बीजेपी ने बस्तर संभाग में इस बार अच्छा प्रदर्शन किया था और पार्टी इसी प्रदर्शन को लोकसभा चुनाव में भी दोहराना चाहती है। 

छोटे आमाबाल में पीएम की विजय संकल्प शंखनाद रैली

छोटे आमाबाल के ग्राउंड में पीएम नरेंद्र मोदी विजय संकल्प शंखनाद रैली की शुरुआत करेंगे। 600 साल से बस्तर दशहरा में योगी (जोगी) बिठाई की परंपरा चली आ रही है। 9 दिनों तक पूजा नियमित चले इसके लिए जोगी परिवार के लोग निर्जला व्रत रखते हैं। इस परंपरा को निभाने वाले जोगी परिवार छोटे आमाबाल और बड़े आमाबाल गांव से आते हैं। आदिवासियों के बीच जोगी परंपरा जोगी परिवार के प्रति गहरी श्रद्धा है। इसलिए बीजेपी चाहती है कि पीएम मोदी यहां सभा करके पूरे आदिवासी समाज पर अपनी गहरी छाप छोड़े। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed