नहाते समय बाथरूम की जाली पर पड़ी महिला डॉक्टर की नजर, कैमरा ऑन मोबाइल देखते ही उड़े होश

नई दिल्ली /- संसद भवन से कुछ दूरी पर स्थित लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में उत्तर-पूर्वी राज्य की एक महिला डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि जब वह नहा रही थी, तब कोई उसकी अश्लील वीडियो बना रहा था।
शिकायत पर मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस को सोमवार देर शाम तक वीडियो बरामद नहीं हुई है।
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज का एचएसएसबी हॉस्टल है। चार मंजिला हॉस्टल में अंडर ट्रेनी महिला व पुरुष डॉक्टर रहते हैं। इस हॉस्टल की पहली मंजिल पर रहने वाली एक महिला डॉक्टर ने रात करीब 1.45 बजे पीसीआर कॉल कर पुलिस को उसका अश्लील वीडियो बनाने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही नई दिल्ली जिला पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पीड़िता ने बताया कि वह रात करीब 12 बजे बाथरूम में नहा रही थी, तभी उसने देखा कि ऊपर लगी जाली से कोई मोबाइल से उसकी वीडियो बना रहा है। शोर मचाने पर वह वहां से हट गया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने हॉस्टल में तलाशी अभियान शुरू किया, मगर कोई भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस की टीमें सोमवार को दिनभर हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगालती रहीं। सोमवार देर शाम तक वीडियो बनाने वाले आरोपी के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।
मणिपुर की रहने वाली है पीड़िता
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित डाक्टर मणिपुर की रहने वाली है। वह हॉस्टल में रहकर एमडी कर रही है, साथ में ट्रेनिंग भी कर रही है। छात्रा ने हॉस्टल में रहने वाले किसी भी पुरुष डॉक्टर पर आरोप नहीं लगाया है। उसका कहना है कि उसने चालू कैमरा देखा था।
महिला डॉक्टर का अश्लील वीडियो बनाने की घटना सामने आई है। मामले में मंदिर मार्ग थाना पुलिस को शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है।– देवेश महला, पुलिस उपायुक्त, नई दिल्ली जिला

