संविधान हमेशा जिंदाबाद रहेगा-चंदन यादव

  • दुर्ग पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव यादव ने छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति मजबूत होने का किया दावा
    दुर्ग। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चंदन यादव ने गुरूवार को भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। श्री यादव ने दुर्ग के राजीव भवन में मीडिया से चर्चा में भाजपा और आरएसएस को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत का संविधान हमेशा जिंदाबाद रहेगा। इन दोनो संगठनों ने हमेशा देश के संविधान के संवैधानिक मूल्यों का विरोध किया है। क्योंकि उनकी मूल विचारधारा से संविधान में टकराव की स्थिति है। भाजपा ने इस लोकसभा चुनाव में 4 सौ पार का नारा दिया है, ताकि वे संविधान को बदल सके। भाजपा के नेता संविधान बदलने की एैसी व्याख्या करते भी नजर आ रहे है। भाजपा की नियत व नीति साफ नही है, लेकिन कांग्रेस एैसा नही होने देगी। संविधान हमेशा जिंदाबाद रहेगा।
    अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव चंदन यादव ने भाजपा पर सामाजिक न्याय की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के इस व्यवहार के चलते छत्तीसगढ़ आरक्षण बिल आज भी लटका हुआ है। विधानसभा में आरक्षण बिल पास कर अनुमोदन के लिए राज्यपाल को भेजा गया है, लेकिन कार्रवाई आगे नही बढ़ पाई है। जो सामाजिक न्याय की खिलाफत है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा गरीब, युवा, महिला, छोटे व्यापारियों के खिलाफ है। भाजपा को देश के केवल चुंनिदा पूंजीपतियो की चिंता है। जिसकी वजह से पूंजीपतियो के करोड़ो रूपए के ऋण माफ कर दिए गए हैं।
    श्री यादव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी के भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि न्याय यात्रा का देश में व्यापक असर हुआ है।
    जिसके चलते कांग्रेस ने तेलगाना, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की। अन्य राज्यों में कांग्रेस की स्थिति मजबूत हुई है। जिसका लोकसभा चुनाव में लाभ मिलेगा। पूरे भारत जोड़ो न्याय यात्रा में राहुल गांधी ने लोगो की हक और न्याय की बात की, तो भाजपा के पेट में दर्द होता रहा।

लोकसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति से जुड़े सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि बस्तर में मतदान के बाद जो रिपोर्ट मिली है, वह कांग्रेस के लिए उत्साहजनक है। शेष 10 लोकसभा सीटो पर मतदान होने है। इन सीटो पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है। जो कांग्रेस लिए शुभ संकेत है। मीडिया से चर्चा के दौरान श्री यादव के साथ पूर्व विधायक अरूण वोरा, प्रतिमा चंद्राकर, महापौर धीरज बाकलीवाल, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, सभापति राजेश यादव, जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष निर्मल कोसरे, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गया पटेल व अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed