सियासत: यूपी, दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल में प्रचार करेगा भाजपा आलाकमान; राहुल गांधी का बाराबंकी दौरा

नई दिल्ली /- लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पांचवें चरण का मतदान 20 मई को होना है। ऐसे में आज शाम पांच बजे चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। मतदान से 48 घंटे पहले शोर थमने से पहले भाजपा आलाकमान चार राज्यों में धुआंधार चुनाव प्रचार की योजना बना चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा और दिल्ली में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी के चाणक्य कहे जाने वाले गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल प्रदेश में चुनाव प्रचार करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में चुनाव प्रचार करने जा सकते हैं।

प्रधानमंत्री के अलावा शाह भी भरेंगे हुंकार
भाजपा की तरफ से जारी सूचना के मुताबिक पीएम मोदी हरियाणा के अंबाला और सोनीपत में अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री उत्तर पूर्वी दिल्ली में शाम करीब 6.30 बजे एक अन्य चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री शाह उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। दिन के पहले कार्यक्रम में शाह झांसी में लगभग 11.30 बजे रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे बांदा में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। शाह गांधी परिवार का गढ़ माने जाने वाले लोकसभा क्षेत्र अमेठी में भी हुंकार भरेंगे। अमेठी के रामलीला मैदान में दोपहर करीब 3.30 बजे चुनावी जनसभा प्रस्तावित है।

कांग्रेस शासित प्रदेश में नड्डा के तीन कार्यक्रम
भाजपा के इन दो शीर्ष नेताओं के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कांग्रेस शासित राज्य हिमाचल प्रदेश में धुआंधार चुनावी कार्यक्रम करेंगे। नड्डा कांगड़ा में दो चुनावी रैलियां करेंगे। इसके बाद राजधानी शिमला में भी चुनावी रैली का कार्यक्रम है। नड्डा का पहला कार्यक्रम कांगड़ा में लगभग 11.20 बजे होगा। इसके बाद दोपहर करीब 1.10 बजे चंबा जिले के चौगान ग्राउंड में भी चुनावी रैली होगी। दोनों इलाके कांगड़ा लोकसभा सीट के दायरे में आते हैं। राजधानी शिमला में दोपहर करीब 3.55 बजे एक और रैली होगी। सोलन जिले के तालाब ग्राउंड में नड्डा की चुनावी जनसभा प्रस्तावित है।

खरगे और प्रियंका गांधी सरीखे कद्दावर कांग्रेसी भी कर सकते हैं प्रचार
हिंदी भाषी प्रदेशों के रूप में चर्चित इन चार राज्यों के सियासी कार्यक्रमों के अलावा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी सरीखे दिग्गज भी चुनाव प्रचार और रोड शो कर सकते हैं। बता दें कि चुनाव आयोग के मुताबिक चार चरणों के लोकसभा चुनाव में अब तक 379 सीटों पर मतदान कराए जा चुके हैं। राजनीतिक दलों का मानना है कि आधे से अधिक चुनाव खत्म हो चुका है। अब महज 150 लोकसभा सीटों पर मतदान कराए जाने बाकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed