12 घंटे के बंद से जनजीवन प्रभावित; कई जगह झड़पें, हिरासत में ली गईं लॉकेट चटर्जी

कोलकाता/ पश्चिम बंगाल में एक प्रशिक्षु डॉक्टर से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के विरोध में देशभर नाराजगी है। इस बीच बीते दिन राज्य सचिवालय ‘नबन्ना’ तक प्रदर्शनकारियों के पहुंचने के प्रयासों के दौरान कई स्थानों पर पुलिस के साथ झड़पें हुईं। कोलकाता और हावड़ा की सड़कों पर बड़े पैमाने पर हिंसा हुई। राज्यभर में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसके विरोध में भाजपा की बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने 12 घंटे के ‘बंगाल बंद’ का आह्वान किया है।

पुलिस ने भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी को हिरासत में लिया। वह भाजपा के 12 घंटे के ‘बंद’ के आह्वान के बाद कोलकाता के बाटा चौक पर विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं थीं।

10:36 AM, 28-AUG-2024

भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने लिखा, ‘पूरे सम्मान के साथ मैं पश्चिम बंगा छात्र समाज द्वारा आयोजित नबन्ना अभियान विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा शांतिपूर्ण छात्र कार्यकर्ताओं के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग की हाल की घटनाओं की ओर आपका ध्यान आकर्षित करने के लिए लिख रहा हूं। हावड़ा, कोलकाता और पश्चिम बंगाल के अन्य इलाकों में छात्रों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई ठीक नहीं है। यह एक राष्ट्र के रूप में हमारे द्वारा बनाए गए लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करती है। इन गंभीर चिंताओं के मद्देनजर मैं आपसे पुलिस की ज्यादतियों के इन मामलों को संबोधित करने के लिए तत्काल और आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध करता हूं। इसके अतिरिक्त मैं आपसे राज्य पुलिस को निर्देश देने का आग्रह करता हूं कि वे वर्तमान में हिरासत में लिए गए सभी छात्र कार्यकर्ताओं को बिना शर्त रिहा करें, क्योंकि उनकी हिरासत उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन करती है।

कोलकाता के बाटा चौक पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कल नबान्न अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने के बाद राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का ‘बंगाल बंद’ बुलाया है।

TMC नेता कुणाल घोष ने कहा, “आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुए बलात्कार-हत्या मामले में हम सभी न्याय चाहते हैं। ममता बनर्जी भी न्याय चाहती हैं…एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है…मामला अब CBI के हाथ में है…वे (भाजपा) यहां अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, कल उन्होंने पुलिस पर हमला किया और आज उन्होंने बंद बुलाया है…बंगाल में सब कुछ सामान्य है…”

10:32 AM, 28-AUG-2024

पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा ने पश्चिम बंगाल में 12 घंटे के ‘बांग्ला बंद’ का आह्वान किया।

भाटापारा में भाजपा नेता की कार पर फायरिंग की गई है। बताया जा रहा है कि वे यहां बाजार बंद कराने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी कार पर गोली चलाई गई। इसका आरोप टीएमसी कार्यकर्ताओं पर लगाए गए हैं।

ममता ने तृणमूल छात्र परिषद के स्थापना दिवस को कोलकाता की पीड़िता को किया समर्पित
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल छात्र परिषद का स्थापना दिवस कोलकाता कांड की पीड़िता को समर्पित किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘आज का दिन हमारी बहन को समर्पित करती हूं, जिसकी कुछ दिन पहले आरजी कर अस्पताल में दुखद मृत्यु हो गई थी। हमें इसका बहुत दुख है। उस बहन के परिवार के प्रति भी हमारी हार्दिक संवेदना है, जिसे क्रूरतापूर्वक मौत के घाट उतार दिया गया। हम उसके लिए शीघ्र न्याय की कामना करते हैं। साथ ही भारत भर में सभी उम्र की उन सभी महिलाओं के प्रति, जो इस तरह के अमानवीय कृत्यों का शिकार हुई हैं, संवेदना व्यक्त करती हूं। छात्रों, युवाओं की बड़ी सामाजिक भूमिका है। समाज और संस्कृति को जागृत रखकर नए दिन का स्वप्न देना और चारों ओर सबको नए दिन के उज्ज्वल संकल्पों से प्रेरित करना विद्यार्थी समाज का कार्य है। मेरी आज उन सभी से अपील है कि इस प्रयास में प्रोत्साहित हों, प्रतिबद्ध रहें।’

08:52 AM, 28-AUG-2024

पुलिस ने अलीपुरद्वार में प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। कल नबान्न अभियान के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करने के बाद राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताने के लिए भाजपा ने 12 घंटे का ‘बंगाल बंद’ बुलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *