भाजपा संगठन चुनाव की प्रक्रिया के दौरान बवाल, जमकर चले लाठी-डंडे; दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

आगरा/ आगरा में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया के दौरान शनिवार दोपहर को नुनिहाई में बवाल हो गया। सीता नगर मंडल अध्यक्ष पद के लिए आवेदन करने आए युवा मोर्चा के पदाधिकारियों में एक-दूसरे पर टिप्पणी करने पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई।ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष महिला मोर्चा और सीता नगर मंडल प्रभारी की मौजूदगी में दावेदारों और उनके समर्थकों ने एक दूसरे को दौड़ाकर डंडों से पीटा। आधा घंटे तक हंगामा होता रहा। इस दाैरान लोगों की भीड़ भी लग गई। नुनिहाई रोड पर जाम की स्थिति भी बन गई। बाद में दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। केस दर्ज कराए गए हैं।

शनिवार को नुनिहाई में शिव मंदिर में सीता नगर मंडल अध्यक्ष पद के दावेदारों के आवेदन की प्रक्रिया चल रही थी। मुख्य अतिथि ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष महिला मोर्चा रंजना पवार और सीता नगर मंडल की प्रभारी मौजूद थीं। ट्रांस यमुना काॅलोनी के भाजयुमो नेता पिंटू गुप्ता भी आए थे।
आरोप है कि मंदिर के मुख्य गेट पर उन्हें सचिन भदौरिया, सौरभ ठाकुर, गौरव शर्मा, धीरज तोमर, अंकित वर्मा, मिलन ठाकुर ने टिप्पणी की। इसके बाद हमला बोल दिया। उन्हें और उनके साथ आए लोगों को डंडों से पीटा। हमलावरों ने जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पिटाई लगाई। इस पर लोग जुट गए। उन्हें किसी तरह बचाया गया। वह थाने आ गए।

उधर, सचिन भदौरिया पक्ष के गौरव शर्मा ने पिंटू गुप्ता और उनके समर्थकों पर हमले का आरोप लगाया है। पुलिस को बताया कि वह समर्थकों के साथ मंडल अध्यक्ष की दावेदारी को आवेदन करने गए थे। वहां पर पिंटू गुप्ता ने बबलू यादव, हरजीत, ऋषि यादव, आशु पंडित, प्रवीन चौधरी सहित अन्य के साथ उन पर हमला बोल दिया। उन्हें और समर्थकों को कुल्हाड़ी, डंडों आदि से पीटा।

थाना एत्माद्दौला के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि चुनाव के दौरान दोनों पक्ष में झगड़ा हुआ था। एक पक्ष से पिंटू गुप्ता घायल हैं, दूसरे पक्ष से गौरव शर्मा और दीपक घायल हैं। तीनों का मेडिकल कराया है। पिंटू गुप्ता की तहरीर पर 12 नामजद और 10 अज्ञात, जबकि गौरव शर्मा की तहरीर पर 7 नामजद और 10 अज्ञात के मारपीट और बलवे की धारा में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

छह महीने से विवाद
सीता नगर मंडल अध्यक्ष युवा मोर्चा के पद को लेकर बड़ी दावेदारी हो रही है। ट्रांस यमुना के पिंटू गुप्ता और सचिन भदौरिया में छह महीने से विवाद चल रहा है। दोनों खुद को युवा मोर्चा का मंडल अध्यक्ष होने का दावा करते हैं। पिंटू गुप्ता को पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगल सिंह ने सीता नगर मंडल युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया था। जिसके एक महीने बाद महानगर अध्यक्ष युवा मोर्चा शैलू पंडित ने सचिन भदौरिया को सीता नगर मंडल का अध्यक्ष बना दिया। तब से दोनों में रार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed