ईवीएम में नहीं, कांग्रेस में हैं कमियां और खामियां: किरण सिंह देव


हार के लिए वोटिंग मशीन नहीं कांग्रेस की करनी है जिम्मेदार: किरण देव =
*जगदलपुर।* नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस द्वारा अपनी करारी हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़े जाने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं जगदलपुर के विधायक किरण सिंह देव जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी करनी के कारण लगातार हार रही है, फिर भी उसके नेताओं को अपनी कमियां नजर नहीं आ रही हैं।
यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि कांग्रेस हर बार हारने के बाद दोष ईवीएम पर मढ़ देती है, उसे अपनी कमियां और खामियां कभी नजर नहीं आतीं, जिनकी वजह से जनता उसे लगातार नकारती जा रही है। किरण देव ने कहा कि कांग्रेस को किसी भी संवैधानिक संस्था पर भरोसा नहीं है। न्याय पालिका के फैसलों को भी कांग्रेस के नेता नकारने लग जाते हैं। श्री देव ने कहा जनता के फैसले का सम्मान करना न जाने कांग्रेस के नेता कब सीखेंगे? प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इसी ईवीएम से हुए में मतदानमें कांग्रेस कई चुनाव जीती है, विधानसभा और लोकसभा में उनके सदस्य चुनकर पहुंचे हैं, फिर भला ईवीएम पर दोष क्यों? किरण सिंह देव ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करना कांग्रेस की फितरत बन गई है। कांग्रेस कई प्रदेशों में ईवीएम के जरिए ही सत्तासीन हुई है, तब कांग्रेस के नेताओं के लिए ईवीएम अच्छी थी। श्री देव ने कहा कि कांग्रेस को जनता ठुकराती आ रही है, फिर भी कांग्रेस के नेता मुगालते पाले बैठे हैं, उनमें दम नहीं है कि कह सकें – जनता ने हमें नकार दिया है। कांग्रेस की दुर्गति का कारण है उसके नेताओं का अहंकार, जनादेश का अपमान, संवैधानिक संस्थाओं का अनादर करना, अदालती फैसलों का अपमान करना। कांग्रेस जहां जहां सत्ता में रही, वहां जनता के लिए कुछ नहीं किया। श्री देव ने कहा कि अब जनता जागरूक हो चुकी है, उसे थोथी बातों, थोथी घोषणाओं और थोथे नारों से भ्रमित नहीं किया जा सकता, बरगलाया नहीं जा सकता। किरण सिंह देव ने कहा कि पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के लोगों ने दुष्प्रचार किया था कि मोदी जी फिर से सत्ता में आएंगे तो संविधान को बदल देंगे, खत्म कर देंगे। इस दुष्प्रचार का कुछ जगहों पर असर हुआ, फिर भी मोदी जी की सरकार बन गई, मगर संविधान बदला गया क्या? किरण देव ने कहा कि सबसे बड़ी संविधान विरोधी तो कांग्रेस है। उसने सत्ता में रहते संविधान का बार बार गला घोंटा, कांग्रेस के लोग संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का किस कदर अपमान किया था, उसे देश कभी भूल नहीं सकता।

