Rajim Kumbh 2025: राजिम में महाशिवरात्रि पर हुआ आखिरी शाही स्नान, शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव …

Raipur/- छत्तीसगढ़ के नवापारा राजिम ने महाशिवरात्रि पर्व पर बुधवार को प्रदेश के प्रमुख शिवालयों समेत राजधानी में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। सुबह से शाम तक शिवालयों में भक्तों की लंबी कतारें लगीं। तीन बार भोलेबाबा का अभिषेक किया गया। मंदिर परिसर में महाकेश्वर स्वरूप और द्वादश ज्योर्तिलिंग की झांकियां भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र बनीं।

राजिम के त्रिवेणी संगम पर नागा साधु-संतों ने आखिरी शाही स्नान किया। वहीं हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। वहीं कुंभ कल्प के समापन पर सीएम विष्णुदेव साय भी राजिम पहुंचे। उन्होंने त्रिवेणी के घाट पर महानदी मइया की आरती उतारी। इससे पहले उन्होंने भगवान श्री राजीव लोचन के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली मांगी। इधर,भक्तों ने महाशिवरात्रि का उपवास रखकर विधि-विधान से पूजन-अर्चना किया।

जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और रुद्राभिषेक से शिवालय परिसर हर-हर महादेव से गूंजित हुए। देवों के देव महादेव से मनोकामना पूर्ण करने की कामना संजोए श्रद्धालु हाथों में जल पात्र, नारियल बेतपत्र, धतूरा लेकर पूजन करने पहुंचते रहे। शाम के समय बाजे-गाजे से रंग-गुलाल उड़ाते, भभूत लपेटे शिव की बारात से पूरा माहौल शिवभक्ति मय हो गया।

राजिम में चल रहे कुंभ कल्प में बुधवार को महाशिवरात्रि पर आखिरी शाही स्नान की परंपरा निभाई गई। इस मौके पर सुबह 6.30 बजे साधु-संतों की अगुवाई में शाही यात्रा निकली। इसमें शामिल होने विभिन्न अखाड़ों से साधु पहुंचे थे।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने नेहरू घाट पर फूल बरसाकर साधु-संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। फिर त्रिवेणी (महानदी, पैरी और सोंढूर) के जल में शाही स्नान किया गया। दिनभर में हजारों भक्तों ने यहां पुण्य की डुबकी लगाई। इसी के साथ राजिम में 15 दिन से चल रहे माघ मेले का भी समापन हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed