भारती विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना  इकाई द्वारा निकाली गई सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति अभियान रैली

दुर्ग 01 Sep, 2025/- भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। स्वयंसेवकों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “युवाओं की पहचान – नशा मुक्त हिन्दुस्तान”, “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” तथा “धीरे चलो, सुरक्षित चलो” जैसे प्रभावशाली नारे लगाकर जनसमुदाय को प्रेरित किया।

रैली में छात्रों ने नशे के दुष्प्रभाव और सड़क पर लापरवाही से होने वाले हादसों पर प्रभावी संदेश प्रस्तुत किए। साथ ही, स्वयंसेवकों ने आम नागरिकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व से अवगत कराया तथा पंपलेट वितरित कर नशामुक्त और सुरक्षित जीवन जीने की अपील की। सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर उनकी जागरूक पहल युवाओं में जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रबल करती है। ऐसे प्रयास निश्चित ही आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त भारत की दिशा में प्रेरित करेंगे।

इस अभियान में विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों के साथ पुलिस कर्मियों की भी सक्रिय उपस्थिति रही, जिससे रैली का प्रभाव और अधिक सशक्त हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस की संयोजक डॉ. भूमिका मिश्रा ने किया तथा श्री रॉलिक बेंजामिन दास ने अपनी उपस्थिति से छात्रों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कुलाधिपति महोदय ने छात्रों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश हेतु सभी दोपहिया वाहनों पर हेलमेट की अनिवार्यता का आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि – “सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है। विद्यार्थी यदि स्वयं सुरक्षित रहेंगे तो समाज को भी सही दिशा दे सकेंगे।”

भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई ने यह संदेश दिया कि युवा शक्ति ही समाज सुधार की धुरी है और ऐसे अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *