झारखंड बस दुर्घटना का दर्द: बलरामपुर के 10 लोगों को एक साथ दी गई अंतिम विदाई, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर। झारखंड के महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित ओरसा घाटी में हुए भीषण बस हादसे ने छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले बलरामपुर जनपद पंचायत क्षेत्र के 10 लोगों का सोमवार को गांव में एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। नम आंखों और भारी मन से ग्रामीणों ने अपने प्रियजनों को अंतिम विदाई दी।

रविवार को हुए इस दर्दनाक हादसे में बस सवार 100 से अधिक यात्री घायल हुए थे। घायलों का इलाज झारखंड के रांची व गुमला के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर और बलरामपुर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के शव जब उनके पैतृक गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

दुर्घटना में मृतकों में प्रेमा देवी, सीतापती देवी, रेसंती चेरवा, सुखना भुइयां, विजय नगेसिया, सोनामती, लीलावती सोनवानी, रमेश पनिका, नाचू राम और परशुराम सोनवानी शामिल हैं। इनमें से अधिकांश ग्राम पिपरसोत के निवासी थे, जबकि कुछ आसपास के गांवों से थे।

अंतिम संस्कार के दौरान गांव का माहौल बेहद गमगीन रहा। हर आंख नम थी और हर चेहरा इस त्रासदी से स्तब्ध नजर आया। ग्रामीण शिवम सिंह ने बताया कि यह घटना पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “हमने कभी नहीं सोचा था कि एक ही हादसे में गांव के इतने लोगों को खोना पड़ेगा। यह दर्द जीवन भर हमारे साथ रहेगा।”

इस हादसे ने न सिर्फ कई परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *