बारिश के बीच तिरंगा यात्रा में दिखा देशभक्ति का जोश, CM मोहन यादव ने किया शुभारंभ

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में शनिवार सुबह ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देशभक्ति से ओतप्रोत माहौल देखने को मिला। टीटी नगर स्टेडियम से निकली तिरंगा यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। बारिश के बावजूद सैकड़ों युवाओं का उत्साह कम नहीं हुआ और हाथों में तिरंगा लेकर उन्होंने राष्ट्र सर्वोपरि का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से तिरंगा लहराकर यात्रा को रवाना किया और युवाओं से आजीवन देश की सेवा करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में देशभक्ति की अलख जगाने के लिए तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।

सीएम ने कहा कि आज का दिन देश के स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदानों को याद करने का भी अवसर है। महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए भारत छोड़ो आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी थी। क्रांतिकारियों के बलिदान, संघर्ष और अहिंसक आंदोलनों के चलते देश में आजादी की भावना मजबूत हुई और अंततः अंग्रेजों को भारत छोड़ना पड़ा।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के योगदान को हमेशा स्मरण रखना चाहिए। आजादी के पर्व पर प्रत्येक नागरिक को अपने उत्तरदायित्व का पालन करते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए। भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के मार्ग पर आगे बढ़े और सदैव युवा एवं स्वतंत्र बना रहे, यही सभी की कामना होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे देश में तिरंगा यात्रा के माध्यम से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को देश सेवा का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आजीवन देश की सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहें।

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भी शुभारंभ किया। भोपाल में बारिश के बीच निकली तिरंगा यात्रा में युवाओं का उत्साह और देशभक्ति का जज्बा प्रमुख आकर्षण रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed