हर कदम शिव को समर्पित, हर श्वास में हर हर महादेव : विधायक भावना बोहरा और कांवड़ियों ने किया भोरमदेव में जलाभिषेक, अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किमी की कांवड़ यात्रा पूर्ण

पंडरिया /- पैरों में माहुर रंग, एक हाथ में राष्ट्र ध्वज तिरंगा और दूसरे हाथ में कांवड़ के साथ पंडरिया विधायक भावना बोहरा और 600 कांवड़ियों ने यात्रा के अंतिम दिन बाबा भोरमदेव के जलाभिषेक के लिए प्रस्थान किया। इसके साथ ही 16 अगस्त को अपने अंतिम पड़ाव के लिए बोड़ला से निकली यह यात्रा भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के साथ माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से भोरमदेव तक 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा पूर्ण हुई। 10 अगस्त को माँ नर्मदा मंदिर अमरकंटक से शुरू हुई इस यात्रा में भारतीय संस्कृति के साथ-साथ आस्था, श्रद्धा, राष्ट्रप्रेम और सनातन संस्कृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना भोरमदेव धाम, जहां पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में अमरकंटक स्थित माँ नर्मदा मंदिर से प्रारंभ हुई 151 किलोमीटर की ऐतिहासिक कांवड़ पदयात्रा का आज भव्य एवं भावपूर्ण समापन हुआ। विधायक भावना बोहरा एवं 600 कांवड़ यात्रियों ने भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ भोरमदेव मंदिर पहुंचकर माँ नर्मदा के जल से जलाभिषेक किया। इस दौरान विगत वर्ष से भी अधिक भक्तों की भीड़ मंदिर परिसर में देखने को मिली। हजारों की संख्या में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं का मंदिर में कांवड़ यात्रा के स्वागत एवं भोलेनाथ के दर्शन हेतु आगमन हुआ। इतनी विशाल संख्या में उमड़े जनसैलाब से पूरा क्षेत्र शिवभक्ति में रम गया और हर हर महादेव एवं बोल बम के नारे से पूरा कबीरधाम जिला भक्तिमय हो उठा।

कांवड़ यात्रियों के भोरमदेव पहुंचते ही पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव, बोल बम और भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा। हजारों श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा कर कांवड़ यात्रियों का भव्य स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर उमड़े जनसैलाब ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया और भोरमदेव की धरती आस्था एवं राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आई। माँ नर्मदा के उद्गम स्थल अमरकंटक से भगवान भोरमदेव तक की इस 151 किलोमीटर की पदयात्रा में श्रद्धालुओं ने कठिन वनांचल मार्गों, पहाड़ी रास्तों, नदियों, तेज बारिश और अनेक चुनौतियों के बीच भी अपनी आस्था और संकल्प को कमजोर नहीं होने दिया। यात्रा के दौरान प्रकृति के बीच से गुजरते हुए कांवड़ियों ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण करते हुए निरंतर पदयात्रा जारी रखी। पैरों में पड़े छालों और थकान के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम रुके नहीं, बल्कि हर-हर महादेव के जयघोष के साथ उनका उत्साह लगातार बढ़ता गया।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा मेरे लिए केवल 151 किलोमीटर की पदयात्रा नहीं, बल्कि माँ नर्मदा और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था, सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण और राष्ट्र के प्रति गौरव की अनुभूति का आध्यात्मिक संकल्प था। जब कांवड़ में माँ नर्मदा का पावन जल लेकर हम भोरमदेव की ओर बढ़ रहे थे, तब मन में यह भाव था कि हमारी आस्था और हमारी राष्ट्रभक्ति एक-दूसरे की पूरक हैं। तिरंगा हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और गौरव का स्मरण कराता है, वहीं भगवा ध्वज हमारी सनातन संस्कृति, त्याग और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है। माँ नर्मदा का जल लेकर भोरमदेव महादेव के चरणों तक पहुंचना मेरे जीवन के अत्यंत भावुक और अविस्मरणीय क्षणों में से एक है। इस यात्रा में लगभग 600 कांवड़ियों के साथ चलना, उनके उत्साह और भक्ति को देखना और रास्तेभर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का स्नेह मिलना इस यात्रा को और भी विशेष बना दिया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इस कांवड़ यात्रा के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और प्रत्येक परिवार के मंगल की कामना भगवान भोलेनाथ से की गई है। भोरमदेव में कांवड़ यात्रियों के स्वागत के लिए उमड़ा जनसैलाब इस यात्रा की भव्यता का साक्षी बना। जगह-जगह पुष्पवर्षा, जयघोष और श्रद्धालुओं के स्वागत से वातावरण भक्तिमय हो गया। 151 किलोमीटर की इस यात्रा ने केवल दूरी तय नहीं की, बल्कि आस्था, अनुशासन, प्रकृति प्रेम, सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति के भाव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। भगवान भोलेनाथ और माँ नर्मदा के आशीर्वाद से और कबीरधाम जिला के शिवभक्तों, कांवड़ यात्रियों के अपार स्नेह,अपनत्व और सहयोग से यह यात्रा आज पूर्ण हुई है जिसके लिए मैं सभी का हृदय से आभार व्यक्त करती हूँ। इसके साथ ही उन्होंने यात्रा में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रशासनिक अमले एवं सेवा में जुटे लोगों का आभार व्यक्त किया। भोरमदेव मंदिर में विधिवत जलाभिषेक के साथ यात्रा पूर्ण होने पर विधायक भावना बोहरा एवं सभी कांवड़ यात्रियों ने भगवान भोरमदेव से प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।

विदित हो कि 15 अगस्त के दिन विधायक भावना बोहरा और कांवड़ यात्रियों ने ग्राम डोंगरिया शासकीय विद्यालय में ध्वजारोहण एवं मंदिर में पूजा-अर्चना कर बोड़ला तक की यात्रा पूरी की। इस दौरान उनकी यात्रा पांडातराई नगर, गंडईकला रोड, कुसुमघटा, नेऊरगांव कला, तरेगांव मैदान रोड, खंतीपारा रोड होते हुए बोड़ला पहुंची जहाँ से यात्रा के अंतिम दिन विधायक भावना बोहरा और 600 कांवड़ यात्रियों ने बोड़ला से यात्रा प्रारंभ की जो सुकवापारा, जैताटोला रोड, खैरबना खुर्द, घोंघा, चौरा होते हुए भोरमदेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना संग यह पुण्य यात्रा भव्य स्वागत के साथ पूर्ण हुई। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा भोरमदेव मंदिर में पधारे कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं हेतु भंडारा एवं प्रसादी की व्यवस्था भी की गई थी जहाँ हजारों की संख्या में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं ने भोजन व प्रसादी ग्रहण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed