केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून को दुर्ग में करेंगे आमसभा, जुटेगे 50 हजार से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ता

विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत आमसभा के लिए देश के 51लोस क्षेत्रों में दुर्ग का भी चयन
दुर्ग 17 June (Swarnim Savera) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्षों के कार्यकाल को भाजपा ने सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण की संज्ञा दी है। इसे यादगार बनाने भाजपा द्वारा देशभर में 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत लोकसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ भाजपा नेताओं का सम्मान, केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों के लिए लाभार्थी सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन व अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं देश के 51 लोकसभा क्षेत्रों में केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय नेता आमसभा कर मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनवाएंगे। भाजपा केंद्रीय नेतृत्व द्वारा देश के इन 51 लोकसभा क्षेत्रों में आमसभा के लिए दुर्ग लोकसभा क्षेत्र का नाम भी चयन किया गया है। इस कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून को स्थानीय पंडित रविशंकर स्टेडियम दुर्ग में आमसभा को संबोधित करेंगे। यह आमसभा सुबह 11 बजे शुरू होगी। आमसभा में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के अलावा अन्य लोकसभा क्षेत्र से करीब 50 हजार से ज्यादा की संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने की भाजपा नेताओं द्वारा दावा किया गया है। जिसकी तैयारी युद्ध स्तर पर जारी है। यह बातें प्रदेश के पूर्वमंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा व दुर्ग संभाग भाजपा प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने शनिवार को मीडिया से संयुक्त चर्चा में कही। प्रेसवार्ता के दौरान दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, भिलाई भाजपा अध्यक्ष बृजेश ब्रिजपुरिया, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर, उपाध्यक्ष कांतिलाल बोथरा,राजेंद्र पाध्ये, जिला भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ संयोजक अनूप गटागट, जिला सोशल मीडिया प्रभारी राजा महोबिया भी मौजूद थे। चर्चा में पूर्वमंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 9 वर्षों का कार्यकाल पूर्ण होने पर विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत देश के 496 लोकसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। जिसमें बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। इस कड़ी में दुर्ग में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आगमन से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष व विशेष जनसंपर्क अभियान प्रमुख शिवरतन शर्मा ने बताया कि विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत देश भर में 13 तरह के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। अभियान के तहत प्रदेश के 7 लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा आमसभा किया जा चुका है। 22 जून को दुर्ग में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आमसभा करेंगे। बिलासपुर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और 1 जुलाई को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की कांकेर में आमसभा होगी। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 21 जून को योग दिवस और 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 20 जून को घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा। जिसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ता लोगों के घर घर जाएंगे और केंद्र सरकार की उपलब्धियां और छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की विफलता बताएंगे। केंद्र की योजनाओं का गरीब वर्ग को लाभ नहीं मिलने से जुड़े एक सवाल के जवाब में पूर्वमंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब वर्ग को ध्यान में रखकर बनाया गया है। योजना के लिए केंद्र सरकार राशि भेज रही है, लेकिन इस योजना के संचालन के लिए राज्य सरकार एजेंसी के तौर पर कार्य करती है। योजना में अव्यवस्था के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार द्वारा चलाया गया स्वच्छता अभियान काफी असरकारी रहा है। खुले में आज कोई कचरा फेंकने से पहले सोचता है। यह सब मोदी सरकार की योजनाओं के कारण संभव हो सका है। श्री पांडेय ने कहा कि केंद्र सरकार अपने कोटे की धान प्रति क्विंटल लगभग 22सौ रूपए समर्थन मूल्य पर खरीद रही है। राज्य सरकार द्वारा केवल 4सौ रुपए बढ़ाकर बोनस के रूप में दिया जा रहा है। प्रदेश के किसान यह सब समझ रहे हैं। समय आने पर वे राज्य सरकार को इसका जवाब देंगे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार किसी से छिपाए नहीं छिपी है। 2 हजार करोड़ के शराब और 5 हजार करोड़ के कोयला घोटाले की गूंज पूरे देश में गूंज रही है। 13 हजार करोड़ गौठान में खर्च हो गए हैं। यह प्रदेश में भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण है।भाजपा लगातार भ्रष्टाचार के मुद्दों पर लड़ाई लड़ रही है। दुर्ग संभाग भाजपा प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि दुर्ग संगठन में गुटबाजी जैसी कोई स्थिति नहीं है।सभी नेता व कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य कर रहे हैं। सभी कार्यकर्ता उत्साह के साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के आमसभा की तैयारी में जुटे हुए हैं।
——

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed