काजल की आखिरी कॉल: ‘धमकाता है पड़ोस में रहने वाला दीपक’, हत्या से 24 घंटे पहले मंगेतर से बयां किया था दर्द

झांसी/ हत्या से चौबीस घंटे पहले काजल ने मंगेतर से फोन पर अपना दर्द साझा किया था। चिरगांव के सिमथरी गांव निवासी उसके मंगेतर राज का कहना है कि बरात से एक दिन पहले काजल ने उसे फोन करके बताया था कि पड़ोस में रहने वाला दीपक उसे और उसके परिवार को धमका रहा है। उसकी धमकी की वजह से ही वह लोग झांसी में आकर शादी कर रहे हैं।राज के मुताबिक, काजल के पिता राजकुमार ने आखिर तक इसे छिपाए रखा। राजकुमार ने सिर्फ पड़ोसी से विवाद की बात बताई लेकिन, किस बात को लेकर विवाद है, यह नहीं बताया। 23 जून की रात सीपरी बाजार के खोड़न इलाके में शादी से चंद घंटे पहले काजल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

परिजनों ने उसकी शादी पंद्रह दिन पहले ही सिमथरी निवासी राज से तय की थी। पीतांबरा पीठ में दोनों के परिजनों ने मिलने के बाद आनन-फानन शादी तय कर दी थी। इसके बाद काजल अपने गांव लौटकर नहीं गई। उसे सीधे मामा के घर झांसी भेज दिया गया।

अब भी कई सवाल रह गए अनसुलझे
– हत्या के बाद दीपक पुलिस से बचकर दिल्ली तक भाग गया था लेकिन, रात में ही वह वापस मुरैना आया। पुलिस को इस बात का जवाब नहीं मिल रहा कि आखिर उसने सुसाइड करने के लिए मुरैना को ही क्यों चुना। संभावना जताई जा रही कि किसी भावनात्मक लगाव की वजह से दीपक ने मुरैना में अपनी जान दी।

– शादी तय होने के बाद काजल को झांसी भेज दिया गया। यहां काजल की सहमति से शादी की तैयारी चल रही थी। पुलिस को अब तक इस बात का भी जवाब नहीं मिला कि काजल के व्यूटी पार्लर जाने की सटीक जानकारी दीपक के साथ किसने साझा की।

महज पांच मिनट में हत्या करके निकल भागा
हत्यारोपी दीपक ने काजल की हत्या का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। ब्यूटी पार्लर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में दीपक रात करीब 9:41 बजे आता दिखाई दिया था। कुछ देर वह काजल से बात करता रहा। उसके बाद काजल अंदर जाने को हुई तो रात 9:46 बजे उसने काजल पर गोली चला दी थी। गोली लगते ही खून से लथपथ होकर काजल जमीन पर गिर पड़ी थी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी बाहर निकल आए।

 

गली के बाहर खड़ी कर रखी थी बाइक

दीपक तमंचा लहराते हुए पैदल सामने वाली गली से होता हुआ भाग निकला था। गली के बाहर उसने मोटरसाइकिल खड़ी की थी। उसी से वह आगे निकल गया। पुलिस ने जब गेस्ट हाउस के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, तब उसमें भी दीपक नजर आया। दो मोटरसाइकिल पर युवक भी उसके साथ दिखे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *