हिमेश रेशमिया के पिता विपिन रेशमिया का निधन, सांस लेने में थी परेशानी

Mumbai/ मशहूर संगीतकार हिमेश रेशमिया के पिता विपिन रेशमिया का बुधवार को निधन हो गया। वो 87 साल के थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका निधन बुधवार रात साढ़े आठ बजे हुआ। उनका अंतिम संस्कार आज सुबह 11 बजे ओशिवारा श्मशान घाट पर किया जाएगा।

सांस लेने में थी दिक्कत, कोकिलाबेन अस्पताल में कराया था भर्ती
विपिन रेशमिया को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्हें उम्र से जुड़ी भी कुछ स्वास्थ्य समस्याएं थीं। वनिता थापर, जो हिमेश के परिवार की करीबी हैं, ने ईटाइम्स से बात करते हुए बताया कि विपिन जब से टीवी शो बना रहे थे, वो तभी से उन्हें पापा कहा करती थी।

लता मंगेशकर और किशोर कुमार के साथ भी बनाया था गाना 
वनिता ने कहा कि टीवी शो बनाने के बाद वो संगीतकार बन गए। उन्होंने कहा कि विपिन के बेटे हिमेश ने भी पिता की तरह संगीत की दुनिया में कदम रखा। मालूम हो कि विपिन रेशमिया ने एक बार लता मंगेशकर और किशोर कुमार के साथ भी गाना बनाया था। इसकी जानकारी खुद हिमेश रेशमिया ने अपनी एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए दी थी और बताया था कि वो गाना कभी रिलीज नहीं हुआ।

हिमेश ने कहा था कि जल्द उस गाने को लेकर आएंगे
हिमेश ने उस गाने के बारे में बात करते हुए कहा था कि उन्हें लगता है कि ये अब तक की सबसे कमाल की क्लासिक धुनों में से एक है, जिसे बाजार में आना चाहिए। उन्होंने कहा था कि वो जल्द ही उस गाने को लेकर आएंगे। हिमेश ने कहा था कि उन्हें खुशी है कि यह गाना जल्द सभी लोगों के लिए आएगा और इसे अपना प्यार दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed