सुकमा में भाजपा और साय सरकार पर बरसे पीसीसी चीफ दीपक बैज
![](https://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/02/m-4-2-1024x768.jpg)
![](http://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/02/m-4-2-1024x768.jpg)
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने ली सुकमा में नुक्कड़ सभा =
*जगदलपुर।* प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शुक्रवार को बस्तर संभाग के सुकमा जिला मुख्यालय में भाजपा और साय सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने ओबीसी वर्ग हक छीनकर उनके साथ अन्याय किया है, भाजपा और उसकी सरकार हार के डर से कांग्रेस प्रत्याशियों को डराने धमकाने का काम कर रही है।
नुक्कड़ सभा में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के खिलाफ जबरदस्त माहौल है। हार के डर से हमारे लोगों को डराने में लगी है साय सरकार। प्रदेश में किसकी सरकार है ये अभी तक स्पष्ट नहीं हो पा रहा है, हमें लगता है कि रिमोट कंट्रोल से छत्तीसगढ़ की सरकार चल रही है। यहां न तो पीएम आवास बनाए जा रहे हैं और ना ही निर्धारित दर पर धान खरीदी की जा रही है। जनता में सरकार के खिलाफ असंतोष है, जिसका फायदा कांग्रेस को इन चुनावों में मिलने वाला है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में कांग्रेस की सरकार बन रही है। शुक्रवार को 4.30 बजे हेलीकाप्टर से सुकमा पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व स्टार प्रचारक दीपक बैज का हेलीपेड पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उसके बाद बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए दीपक बैज ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता शेर हैं, और वो किसी से डरने वाले नहीं हैं। भाजपा सरकार पीठ पीछे वार कर रही है, हमारे लोगों को डरा-धमका कर नामांकन वापस करवाए गए हैं। जिसका जवाब नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनता देगी। उन्होने कहा कि प्रदेश में ओबीसी वर्ग को आरक्षण से वंचित रखा गया है जिससे पूरा वर्ग नाराज है। हमारे यहां एक वार्ड में टिकिट वितरण को लेकर नाराजगी थी, लेकिन भाजपा से तो प्रदेशभर के कार्यकर्ता नाराज हैं। पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ हो रही है। ये जनता है सब जानती है और इसका जवाब चुनाव के दिन देगी। सुकमा के नेता कवासी लखमा को जबरन जेल भेजा गया ताकि यहां पर चुनाव आसानी से जीत सकें, लेकिन ऐसा नहीं होगा। यहां हर एक कार्यकर्ता मजबूत है और चुनाव में एक होकर लड़ रहे हैं। इस दौरान नारायणपुर के पूर्व विधायक चंदन कश्यप समेत कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
![](https://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/01/54.jpg)