शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने मलकीत सिंह और वार्ड प्रत्याशियों के लिए मांगा जनता से सहयोग

जगदलपुर में विकास की नई गाथा लिखने का वादा =

*जगदलपुर।* शहर जिला कांग्रेस कमेटी बस्तर के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जगदलपुर नगर निगम से कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी मलकीत सिंह गैदू और वार्ड पार्षद पदों के लिए चुनाव लड़ रहे सभी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील नगर के मतदाताओं से की है।

       कांग्रेस नेता सुशील मौर्य ने जगदलपुर शहर के नागरिकों के नाम जारी संदेश में कहा है कि नगर के विकास के लिए कांग्रेस और हमारे महापौर प्रत्याशी भाई मलकीत सिंह गैदू एवं कांग्रेस समर्थित सभी वार्ड पार्षद प्रत्याशी प्रतिबद्ध हैं। हमारी कांग्रेस की सरकार ने जगदलपुर के विकास के लिए करोड़ों रुपए दिए थे। हमारे विधायक रेखचंद जैन ने भी इस दिशा में अच्छी पहल की थी। हम सभी समर्पित भाव से हमेशा शहर के विकास और शहरवासियों की सेवा में लगे रहे और आगे भी सेवा के लिए समर्पित रहेंगे। हमारी कांग्रेस सरकार ने महारानी अस्पताल, दलपत सागर, खेल मैदानों आदि के उन्नयन के लिए अपने पांच साल के कार्यकाल में जो उल्लेखनीय कार्य कराए हैं, वे आपकी नजरों के सामने है। विकास और शहर वासियों को साथ लेकर चलना कांग्रेस का गुण रहा है। मगर बीते एक साल में जबसे नगर निगम की सत्ता भाजपा के हाथों में गई है, शहर के विकास को ग्रहण लग गया है। विकास को फिर से पटरी पर लाने नगर निगम के महापौर पद के लिए मलकीत सिंह गैदू भैया और सभी वार्डों के हमारे प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। शहर के विकास के लिए कांग्रेस को आप सभी जगदलपुर वासियों का इस चुनाव में सहयोग जरूरी है। सुशील मौर्य ने आगे कहा है – मैं कांग्रेस का शहर जिला अध्यक्ष होने के नाते आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि नगर निगम में कांग्रेस की सत्ता आने के बाद हमारा जगदलपुर विकास की नई गाथा लिखेगा। दुनिया भर के पर्यटक बस्तर भ्रमण के लिए आते हैं और जगदलपुर में ठहरते हैं, इसे देखते हुए हम जगदलपुर को वैश्विक स्तर की सुविधाओं से सुसज्जित बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *