छग में पहली बार सनातनी शपथ

मेयर संजय पाण्डेय ने सनातन परंपरा पर चलते हुए किया शपथ ग्रहण =

= आस्था और श्रद्धा के साथ जनसेवा का संदेश दिया महापौर संजय पांडे ने =

*-अर्जुन झा-*

*जगदलपुर।* नगर निगम जगदलपुर के महापौर संजय पांडे पूरे प्रदेश में इकलौते महापौर हैं जिन्होंने, सनातनी परंपरा के साथ वैदिक मंत्रोच्चारण और शंख ध्वनि के बीच शपथ ग्रहण किया है। मंच पर समृद्ध संस्कारों की शानदार झलक भी देखने को मिली। संजय पांडे में मंचस्थ वरिष्ठजनों के चरण स्पर्श कर उनसे आशीर्वाद लिया।

     आज हजारों लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच उप मुख्यमंत्री अरुण साव की उपस्थिति में संजय पांडे ने महापौर पद की शपथ ली। इसके पूर्व वे अपने निवास से पत्नी के संग दो पहिया वाहन बुलेट पर सवार होकर अपने पड़ोसियों से दुआ सलाम करते हुए, दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे। वहां पुजारी ने उन्हें पूजा कराई। माई से आशीर्वाद लेकर संजय पांडे समारोह स्थल पर पहुंचे। समारोह स्थल पर गीत संगीत नहीं, बल्कि शंख ध्वनि गुंजायमान हो रही थी और वैदिक मंत्रोच्चार की मंगल ध्वनि सुनाई दे रही थी। ऐसा लग रहा था मानो यहां कोई राजनैतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि धार्मिक अनुष्ठान चल रहा हो। चारों ओर पवित्र और सनातनी वातावरण बना हुआ था। धार्मिक प्रवृत्ति के महापौर संजय पांडे द्वारा सनातन परंपरा के संरक्षण के ध्येय से की गई यह अनूठी सभी को पसंद आई। इस धर्मसभा में तब और चार चांद लग गए जब महापौर संजय पांडे ने मंच पर विराजमान सभी वरिष्ठ लोगों के चरण स्पर्श कर अपने उत्कृष्ट संस्कारों का परिचय दिया। महापौर ने अपने इस अनूठे शपथ ग्रहण समारोह के जरिए आस्था और श्रद्धा के साथ जनसेवा का बड़ा संदेश दे दिया है। ऐसा सनातनी शपथ ग्रहण इससे पहले छत्तीसगढ़ में कभी देखने सुनने को नहीं मिला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *