अग्रवाल समाज दुर्ग एवं अग्रवाल यूथ क्लब का एक सराहनीय प्रयास – स्मार्ट क्लास स्थापना एवं चरण पादुका वितरण

दुर्ग /- शासकीय विद्यालय, जेवरा में अग्रवाल समाज दुर्ग एवं अग्रवाल यूथ क्लब के द्वारा एक जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास रूम की स्थापना की गई, साथ ही विद्यार्थियों को चरण पादुका (जूते) भी वितरित किए गए।
इस आयोजन के मुख्य अतिथि थे अहिवारा विधायक आदरणीय राजमहंत श्री डोमेन लाल कोर्सेवाड़ा जी, जिन्होंने समाज के इस सराहनीय पहल की खुले दिल से प्रशंसा की और कहा कि “ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए तकनीक आधारित शिक्षा आज के युग की अनिवार्यता बन चुकी है। समाज की सहभागिता से शिक्षा के क्षेत्र में जो सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है, वह अत्यंत प्रेरणादायक है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग जिला पंचायत सभापति श्री जितेन्द्र यादव जी, मंडल अध्यक्ष श्री घनश्याम साहू जी, जनपद सदस्य श्रीमती रजनी साहू जी, ग्राम सरपंच, विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से बच्चों को चरण पादुका वितरित की और स्मार्ट क्लास का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया।
इस नेक पहल को सफल बनाने में अग्रवाल समाज दुर्ग के वरिष्ठ संरक्षकगण श्री विजय अग्रवाल जी, श्री सुधीर अग्रवाल जी एवं श्री कैलाश रूंगटा जी की विशेष भूमिका रही। श्री ललित सक्सेरिया जी (महासचिव, अग्रवाल समाज), श्री आकाश गोयल जी (अध्यक्ष, अग्रवाल यूथ क्लब) एवं श्री प्रतीक र्कितुका जी (महासचिव, यूथ क्लब) के नेतृत्व में यह आयोजन पूरी गरिमा और समर्पण के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अग्रवाल महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सरिता गोयल जी की भी विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सभी ने इस आयोजन की सराहना की और समाज के इस सेवा भाव को अनुकरणीय बताया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने अग्रवाल समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।

