मूल्यांकन कार्य का आकस्मिक निरीक्षण

अच्छोटी /- आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अच्छोटी में क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक एवं माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर के सदस्य माननीय श्री डोमन लाल कोर्सेवड़ा जी ने D.El.Ed. (डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन) प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के चल रहे मूल्यांकन कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया।
माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा डाइट अच्छोटी को कुल 20,600 उत्तरपुस्तिकाएं जांच हेतु प्रदान की गई हैं। इनमें से 2 जुलाई 2025 तक लगभग 12,677 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण किया जा चुका है। यह कार्य लगभग 35 सहायक प्राध्यापकों द्वारा लगातार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान दुर्ग जिला पंचायत सभापति जितेंद्र यादव, मूल्यांकन केंद्र अधिकारी श्रीमती मधुलिका तिवारी, सहायक मूल्यांकन अधिकारी श्री चंद्रवंशी, श्री सत्येन्द्र शर्मा तथा अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा मूल्यांकन प्रक्रिया में पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जा रहा है।
मूल्यांकन कार्य की शुरुआत 24 जून 2025 से हुई थी और यह कार्य पूर्णतः निजी व शासकीय जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों के सहायक प्राध्यापकों की देखरेख में संचालित हो रहा है।
माननीय विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेवड़ा जी ने मूल्यांकन केंद्र का निरीक्षण करते हुए समस्त स्टाफ की कार्यशैली की सराहना की तथा मूल्यांकन प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का यह उत्तरदायित्वपूर्ण कार्य विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, अतः इसमें पारदर्शिता व निष्पक्षता अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान मूल्यांकन प्रक्रिया के सभी चरणों की गहनता से समीक्षा की गई। मूल्यांकन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए तकनीकी प्रक्रियाओं व सुरक्षा मानकों की भी जाँच की गई।
अंत में माननीय विधायक जी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए प्रोत्साहित किया और यह विश्वास जताया कि निर्धारित समय में मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर परीक्षा परिणामों को शीघ्र जारी किया जाएगा।

