बस्तर में बड़ा हादसा: IED निष्क्रिय करते समय विस्फोट, DRG के 3 जवान शहीद

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार को डी-माइनिंग अभियान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। थाना छोटेबेठिया क्षेत्र में कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सर्च ऑपरेशन के लिए निकली पुलिस टीम आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गई। इस हादसे में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम इलाके में डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान चला रही थी। इसी दौरान आईईडी को निष्क्रिय करते समय अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर ही इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले ने दम तोड़ दिया।

घटना में घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि हाल के महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से मिली जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने सैकड़ों आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं। हालांकि, आज की कार्रवाई के दौरान यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।

घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जल्द साझा की जाएंगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed