दुष्कर्म के आरोप में जेल से छूटे युवक की हत्या, युवती समेत तीन नामजद, मुकदमा दर्ज

अलीगढ़ /- महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र की जवाहर नगर कालोनी के दुष्कर्म के आरोपी युवक की शनिवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक को पहले दोस्त ने फोन कर घर से बुलाया और फिर गाड़ी में बैठकर घूमते हुए शराब पार्टी करते समय गोली मारी गई। इस घटना के मूल में दुष्कर्म से जुड़े मुकदमे में समझौते को लेकर रुपयों से जुड़ा विवाद माना जा रहा है। इसी क्रम में दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली युवती पर हत्या कराने का आरोप लगाकर तीन नामजद व कुछ अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जवाहर नगर पार्षद वाली गली निवासी रोडवेज के संविदा चालक जयकिशर शर्मा के दो बेटों व एक बेटी में 23 वर्षीय समीर उर्फ सिद्धार्थ सबसे बड़ा था। वह 12वीं की पढ़ाई करने के बाद कालोनी में ही फाइनेंस का दफ्तर चलाता था। साथ में कुछ दोस्तों संग मिलकर प्रॉपर्टी आदि का व्यापार भी करता था। परिवार के अनुसार रात समीर घर पर ही मौजूद था। तभी उसे खैर बाईपास निवासी दोस्त नितिन चौधरी ने फोन कर घर से बुलाया। इसके बाद नितिन व उसके अन्य साथियों के साथ स्कार्पियो गाड़ी में घूमते हुए पार्टी करते फिरे। इसी बीच नगला कलार के आसपास उसे गोली मारी गई। फिर उसे जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर गए। वहां से नितिन ने समीर की मां को फोन पर समीर के गोली लगने की सूचना दी है। इसके बाद वह वहां से अपना मोबाइल बंद कर भाग गया। इस सूचना पर परिजन व पुलिस जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंची। जहां समीर को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घंटों तक जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, पिता की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है कि उनके बेटे को इलाके की एक युवती ने नौ माह पूर्व दुष्कर्म के मुकदमे में जेल भिजवाया था। इस मुकदमे में बेटा जनवरी में ही छूटकर आया। उसी मुकदमे में युवती समझौते के लिए ग्यारह लाख रुपये मांग रही थी। जिसमें उनकी कालोनी का अभिषेक सारस्वत उर्फ गोलू मध्यस्थता कर रहा था। न देने पर तरह तरह की धमकियां भी मिल रही थीं। यह हत्या इसी विवाद में युवती व अभिषेक ने कराई है। नितिन व उसके अन्य अज्ञात साथी हत्या करने में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया है। अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगी हुई हैं। सीओ द्वितीय राकेश सिसौदिया के अनुसार मामले में जल्द सभी गिरफ्तारियां की जाएंगी।

जेल से फोन पर धमकी का भी लगा था आरोप

पुलिस रिकार्ड व अब तक की जांच के अनुसार जिस युवती ने दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। उसकी कई युवकों से दोस्ती है। समीर भी उसके संपर्क में था। किस बात पर बात बिगड़ी और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया। ये गिरफ्तारी के बाद ही साफ होगा। मगर युवती ने समीर के जेल जाने के बाद उससे जेल जाकर मुलाकात भी की थी और फिर समीर ने जेल के पीसीओ से उसे फोन भी किए थे। जिस पर युवती ने जेल से समीर द्वारा धमकी दिए जाने का मुकदमा भी कराया था। दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने में भी अभिषेक युवती का सहयोगी रहा और अब समझौते में भी वही मध्यस्थता कर रहा था। इस हत्या में इगलास व खैर के दो युवकों के नाम भी सामने आए हैं, जिनसे युवती की दोस्ती है। उनको भी तलाश किया जा रहा है। फिलहाल युवती व नितिन आदि गायब हैं। अब तक की जांच में युवती द्वारा रुपयों को लेकर हत्या कराए जाने की बात ही सामने आ रही है।

अच्छा नहीं लग रहा था अच्छा खाता-पीता बेटा
समीर के पिता व मां का कहना है कि उनके बेटे को साजिश के तहत तब दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाया गया। फिर उससे समझौते के नाम पर ब्लैकमेल करते हुए रुपये मांगे जा रहे थे। इसमें कुछ लोग शामिल हैं। उन्हें उनका बेटा अच्छा खाता पीता अच्छा नहीं लग रहा था।

युवती के संपर्कों को भी खोज रही पुलिस
हत्या की साजिश की आरोपी युवती की दोस्ती बहुत से युवकों से निकलकर आ रही है। उसका बहुत से लोगों से संपर्क सामने आ रहा है। उन सभी को भी पुलिस जांच का हिस्सा बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *