चुनावी रणभूमि में भाजपा के दिग्गज नेताओं ने किया पदार्पण, नुक्कड़ सभाएं कर मांग रहे हैं समर्थन
![](https://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/02/m-9-1-1024x682.jpg)
![](http://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/02/m-9-1-1024x682.jpg)
भाजपा प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता शहर विकास के लिए प्रतिबद्ध: किरण देव =
= जगदलपुर के तेज विकास के लिए बनाएं ट्रिपल इंजन की सरकार: संजय पाण्डे =
= स्वच्छ, सुंदर जगदलपुर बनाने के लिए दें भाजपा का साथ: संजय पाण्डे =
*जगदलपुर।* भारतीय जनता पार्टी नगरीय निकाय चुनाव में जीत का परचम लहराने पूरी शक्ति लगा रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मंत्री केदार कश्यप, सांसद महेश कश्यप, जिला भाजपा अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय, पूर्व अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, महिला मोर्चा नेत्रियों सहित भाजपा के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर जिम्मेदारियों का निर्वाहन करते हुए सघन जनसंपर्क में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे लगातार वार्डों में जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से लोगों से संवाद स्थापित कर रहे हैं।
शुकवार को महापौर प्रत्याशी संजय पाण्डे ने संभाग के सबसे बड़े बाजार संजय मार्केट, लोकमान्य तिलक वार्ड, कुशाभाऊ ठाकरे वार्ड, अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड, दलपत सागर वार्ड, रमैया वार्ड एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस वार्ड में जनसंपर्क कर मतदाताओं का आशीर्वाद मांगा।
*बॉक्स*
*बालाजी की शोभायात्रा में हुए शामिल*
महापौर प्रत्याशी संजय पांडे ने श्री श्री श्री भगवान वेंकटेश्वर स्वामी बालाजी मंदिर के 24वें वार्षिक महोत्सव के अवसर पर आयोजित शोभायात्रा में शामिल होकर भगवान बालाजी को प्रणाम कर आशीर्वाद लिया एवं जगदलपुर वासियों के सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
*बॉक्स*
*किरण देव कूदे समर में*
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने किया चुनावी रणभूमि में धमाकेदार अंदाज में एंट्री की है। निकाय चुनाव को कुछ ही दिन शेष हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने शहर के जवाहर नगर वार्ड, दंतेश्वरी वार्ड एवं गंगानगर वार्ड में नुक्कड़ सभाएं कर परिवारजनों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के सभी प्रत्याशी एवं कार्यकर्ता शहर के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस दौरान उन्होंने भाजपा के महापौर प्रत्याशी एवं पार्षद प्रत्याशियों को प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की एवं जगदलपुर को सुंदर, स्वच्छ एवं विकसित शहर बनाने की बात कहते हुए शहर में ट्रिपल इंजन की सुशासन वाली सरकार बनाने का आग्रह किया।
![](https://swarnimsavera.com/wp-content/uploads/2025/01/54.jpg)