भाजपा के संजय पांडे जगदलपुर नगर निगम के महापौर निर्वाचित


कांग्रेस के मलकीत सिंह को 8681 वोटों से हराया == नगर के 48 वार्डों में से 30 में भाजपा के पार्षद जीते =*-अर्जुन झा-*
*जगदलपुर।* दस साल के लंबे वनवास के बाद जगदलपुर नगर निगम में भाजपा का कब्जा हो गया है। भाजपा के युवा, ओजस्वी नेता एवं प्रखर वक्ता संजय पांडे महापौर चुन लिए गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को शिकस्त दी है। वहीं नगर निगम के 48 वार्डों में से 30 वार्डों में भी भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। इन वार्डों में भाजपा के पार्षद चुने गए हैं। 16 वार्ड कांग्रेस के खाते में गए हैं, जबकि दो वार्डों में निर्दलीय जीतकर आए हैं। जगदलपुर नगर निगम के महापौर और पार्षद पदों के लिए डाले गए वोटों की गिनती आज हुई। महापौर पद के लिए भाजपा के संजय पांडे और कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू के बीच कड़ा मुकाबला था। दोनों दलों ने नगर सत्ता पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। आज आए परिणाम में कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को 29 हजार 241 वोट मिले, जबकि भाजपा के संजय पांडे को 37 हजार 922 मत प्राप्त हुए। इस तरह संजय पांडे ने 8681 मतों से जीत दर्ज करा ली है। नगर के 30 वार्डों में भाजपा के पार्षद चुनकर आए हैं, कांग्रेस ने 16 वार्डों में जीत दर्ज कराई है और दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते हैं। इस तरह नगर निगम में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिल गया है।*बॉक्स**काफी अनुभवी हैं संजय*संजय पांडे जगदलपुर शहर ही नहीं, बल्कि पूरे बस्तर जिले में अनजाने चेहरे नहीं हैं। राजनीति में सौम्यता, सरलता के साथ काम करने वाले संजय पांडे को राजनीति के साथ ही नगर निगम के कामकाज का भी दीर्घ अनुभव है। वे लगातार चार बार पार्षद चुनकर आए थे, नगर निगम में दो कार्यकाल तक वे नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी बड़े धारदार अंदाज में निभा चुके हैं। नगर निगम के रग रग की उन्हें जानकारी है, नगर निगम के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ उनके संबंध बेहद मधुर हैं और सभी उनका सम्मान करते हैं। भाजपा संगठन में भी उनकी छवि उत्कृष्ट है, वे पार्टी के जमीनी कार्यकर्ता हैं। इस तरह अब जगदलपुर नगर निगम को बहुत ही अनुभवी महापौर मिल गया है।. प्रदेश में भाजपा की सरकार, जगदलपुर में भाजपा के विधायक और संजय पांडे के पास मजबूत अनुभव होने का लाभ निश्चित तौर पर जगदलपुर को मिलेगा।

